Summer School Holiday : कश्मीर घाटी में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों में 15 दिनों की गर्मी की छुट्टियों की घोषणा कर दी गई है। यह फैसला स्कूल शिक्षा निदेशालय, कश्मीर द्वारा लिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, कश्मीर संभाग के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में 23 जून से 7 जुलाई 2025 तक अवकाश रहेगा।
शिक्षा निदेशालय ने जारी किया आदेश
स्कूल शिक्षा निदेशक कश्मीर की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि उच्चतर माध्यमिक स्तर तक के सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 23 जून से लागू होंगी, जो 7 जुलाई तक चलेंगी। यह फैसला अत्यधिक गर्मी और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बाद लिया गया है।
श्रीनगर में टूटा दो दशक पुराना तापमान रिकॉर्ड
कश्मीर में इस समय गर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है, और यही कारण है कि इस साल गर्मी की छुट्टियां पिछले वर्षों की तुलना में पहले और लंबी घोषित की गई हैं। श्रीनगर में शुक्रवार को तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो कि सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक था। यह आंकड़ा पिछले 20 वर्षों में जून महीने का सबसे गर्म दिन माना जा रहा है।
रात के तापमान ने भी तोड़ा पुराना रिकॉर्ड
केवल दिन ही नहीं, रात का तापमान भी सामान्य से कहीं अधिक दर्ज किया गया है। शुक्रवार और शनिवार की रात श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि 1990 के बाद से सबसे ज्यादा रात का तापमान है। 1990 में 23.6 डिग्री दर्ज किया गया था, जो अब तक का रिकॉर्ड था।
जून में दर्ज हुए अब तक के सबसे अधिक तापमान
कश्मीर के अन्य हिस्सों में भी रात के तापमान में असामान्य वृद्धि देखी गई है।
- श्रीनगर में 29 जून 1978 को 24.6 डिग्री सेल्सियस रात का तापमान दर्ज हुआ था, जो अब तक का जून महीने में सबसे अधिक तापमान माना जाता है।
- पहलगाम में जून में अब तक का तीसरा सबसे ज्यादा रात का तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
- कोकरनाग में भी 20.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो अब तक का तीसरा सबसे ज्यादा है।
- वहीं कुपवाड़ा में 21.1 डिग्री तापमान के साथ जून का पांचवां सबसे ज्यादा रात का तापमान दर्ज हुआ।
छात्रों और अभिभावकों के लिए बड़ी राहत
गर्मी के इस अभूतपूर्व स्तर को देखते हुए स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान छात्रों और अभिभावकों के लिए एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मौसम में बच्चों का स्कूल जाना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है, खासकर उन इलाकों में जहां कूलिंग सुविधाएं सीमित हैं।
आगे और बढ़ सकती है छुट्टियां?
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। ऐसे में अगर हालात नहीं सुधरे, तो स्कूलों की छुट्टियां आगे भी बढ़ाई जा सकती हैं। शिक्षा विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार अगला निर्णय लिया जाएगा।